दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए कई लोगों ने उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की है। इसी क्रम में प्रसिद्ध पहलवान और भाजपा नेता बबीता फोगट ने सोनम वांगचुक से अपना अनशन खत्म करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि देश को उनके अनुभव, विचारों और मार्गदर्शन की जरूरत है, इसलिए स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह कदम उठाना चाहिए। बबीता फोगाट ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का समाधान लोकतांत्रिक प्रक्रिया, संवाद और आपसी विश्वास के माध्यम से ही संभव है।

उन्होंने छात्रों से भी अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और अपनी मांगों को संवाद के माध्यम से सरकार तक पहुंचाएं। उनके अनुसार, किसी भी समस्या का स्थायी समाधान बातचीत और संवैधानिक प्रक्रिया के जरिए ही निकाला जा सकता है। नीट परीक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर देशभर में छात्रों की नाराजगी सामने आई है। सरकार की ओर से परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है, वहीं छात्र पारदर्शी जांच और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, इस पूरे मामले पर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोनम वांगचुक का अनशन और छात्रों का आंदोलन शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर चल रही बहस का एक अहम हिस्सा बन गया है।
यह भी पढ़ें
https://www.fourthpoint.in/is-the-rising-wave-of-agitation-a-sign-of-major-social-change/

