जम्मू शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और आधुनिक, सुविधाजनक तथा पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद जम्मू को जल्द ही 100 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं। इसके साथ ही शहर में ई-बसों की कुल संख्या बढ़कर 200 हो जाएगी। नई बसों के संचालन और रखरखाव के लिए भगवती नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास लगभग 40 कनाल (करीब 5 एकड़) भूमि पर अत्याधुनिक ई-बस डिपो बनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जल्द ही इस परियोजना की आधारशिला रखेंगे। डिपो का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि जनवरी 2027 से नई बसों के संचालन की उम्मीद है।
वर्तमान में जम्मू में 100 ई-बसें सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं और यात्रियों के बीच इनकी अच्छी लोकप्रियता है। नई बसों के शामिल होने से शहर में सार्वजनिक परिवहन की क्षमता दोगुनी हो जाएगी। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि डीजल और पेट्रोल आधारित वाहनों पर निर्भरता घटने से कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. देवांश यादव ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के लिए 200 नई ई-बसों को मंजूरी मिल चुकी है। इनमें से 100 बसें जम्मू और 100 श्रीनगर के लिए निर्धारित हैं। उन्होंने कहा कि भगवती नगर में डिपो निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सात से आठ महीनों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष बात यह है कि जम्मू में महिलाओं के लिए ई-बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। इससे महिलाओं की सुरक्षित, सस्ती और सुविधाजनक यात्रा को और बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें

