अमृतसर, राहुल सोनी। भाजपा नॉर्थ मंडल सिविल लाइंस की अध्यक्ष डॉ. नूरीन महाजन ने श्री हरिमंदिर साहिब की ओर जाने वाले हेरिटेज वॉक पर गुरबाणी के प्रचार-प्रसार को हटाकर राजनीतिक प्रचार के लिए स्क्रीन और डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब की ओर जाने वाला यह पवित्र गलियारा सिख धर्म के सर्वोच्च आस्था केंद्र तक पहुंचने का आध्यात्मिक मार्ग है। जहां पहले श्रद्धालुओं का स्वागत गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों से होता था, वहीं अब आम आदमी पार्टी के राजनीतिक प्रचार और मार्केटिंग के लिए स्क्रीन का उपयोग किया जा रहा है। इससे देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं तथा इस पवित्र स्थल का आध्यात्मिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
डॉ. नूरीन महाजन ने इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार एवं सभी सिख जत्थेबंदियों से भी अपील की है कि वे इस गंभीर और संवेदनशील विषय पर आगे आएं तथा हेरिटेज वॉक की पवित्रता, मर्यादा और गुरबाणी के प्रचार-प्रसार को पुनः बहाल कराने के लिए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यह किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि समूची संगत की धार्मिक भावनाओं और आस्था से जुड़ा विषय है।
इस संबंध में डॉ. नूरीन महाजन ने अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) श्रीमती पल्लवी मिश्रा को एक मांग-पत्र भी सौंपा। मांग-पत्र के माध्यम से उन्होंने आग्रह किया कि इस संवेदनशील विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता एवं तत्काल प्रभाव से लिया जाए तथा हेरिटेज वॉक पर गुरबाणी के प्रचार-प्रसार को शीघ्र पुनः बहाल किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं, आस्था और विश्वास का सम्मान पुनर्स्थापित हो सके तथा इस पवित्र मार्ग की गरिमा और पवित्रता बनी रहे।

